मुरादाबाद। नागफनी थाना क्षेत्र के अकबर कंपाउंड में ब्रास कारोबारी इमरान के घर हुई करोड़ों की डकैती के मामले में सोमवार दोपहर एडीजी जोन रमित शर्मा मुरादाबाद पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों से अब तक की जांच और कार्रवाई की जानकारी ली।

एडीजी ने घर के भीतर पहुंचकर उस कमरे का निरीक्षण किया, जहां कारोबारी परिवार को बंधक बनाकर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया था। उन्होंने डिजिटल लॉक, सीसीटीवी व्यवस्था और घर में प्रवेश के संभावित रास्तों को भी देखा। फोरेंसिक टीम से साक्ष्यों को लेकर जानकारी लेने के साथ ही उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को हर एंगल से जांच के निर्देश दिए।

इस दौरान डीआईजी मुनिराज-जी, एसएसपी सतपाल अंतिल, एसपी सिटी रण विजय सिंह समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।

एडीजी रमित शर्मा ने अधिकारियों से कहा कि घटना के खुलासे में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द से जल्द आरोपियों तक पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक जांच में कुछ अहम सुराग मिले हैं और कई संदिग्धों से पूछताछ जारी है।
