मुरादाबाद। भगतपुर थाना क्षेत्र के गांव चक कचनाल के समीप काशीपुर-भोजपुर मार्ग पर एक अंग्रेजी शराब सेल्समैन का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मौत के कारणों की जांच में जुटी है।
मृतक की पहचान दीपू सिंह पुत्र नवल सिंह निवासी गांव उधोपुरा पूर्वी, थाना भगतपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दीपू सिंह देसी शराब की दुकान पर सेल्समैन के पद पर कार्यरत था। शुक्रवार देर शाम वह दुकान बंद कर घर लौट रहा था, इसी दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में उसका शव सड़क किनारे पड़ा मिला।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बताया गया है कि करीब एक माह पूर्व ही दीपू सिंह की शादी हुई थी, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए मुरादाबाद भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है@जफर-INN
