तमिलनाडु विधानसभा में फ्लोर टेस्ट की अग्निपरीक्षा मुख्यमंत्री विजय ने सफलतापूर्वक पार कर ली है। विजय सरकार को विश्वास मत के दौरान 144 विधायकों का समर्थन मिला। वहीं, प्रमुख विपक्षी दलों ने मतदान से पहले सदन से वॉकआउट कर दिया। इसके साथ ही TVK के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार ने विधानसभा में बहुमत साबित कर दिया।
234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में TVK सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी, हालांकि पार्टी अपने दम पर बहुमत के आंकड़े से पीछे रह गई थी। सरकार गठन के लिए कांग्रेस, CPI, CPI(M), VCK, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) समेत कुछ छोटे दलों और निर्दलीय विधायकों ने विजय का समर्थन किया। फ्लोर टेस्ट के दौरान सरकार के पक्ष में कुल 144 वोट पड़े।
विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने के बाद मुख्यमंत्री विजय ने सदन में विश्वास प्रस्ताव पेश किया। इस दौरान सहयोगी दलों ने सरकार के समर्थन में अपनी बात रखी, जबकि विपक्ष ने सरकार को कई मुद्दों पर घेरने की कोशिश की। हालांकि वोटिंग शुरू होने से पहले ही प्रमुख विपक्षी दलों ने सदन से बहिर्गमन कर दिया।
विधानसभा चुनाव में TVK ने 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी का दर्जा हासिल किया था, लेकिन बहुमत से 10 सीट पीछे रह गई थी। विजय ने दो सीटों से चुनाव जीता था, जिनमें से एक सीट उन्हें छोड़नी होगी। इसके बाद पार्टी की संख्या 107 रह जाएगी। वहीं सहयोगी दलों में कांग्रेस के 5 विधायक, CPI, CPI(M), VCK और IUML के 2-2 विधायक शामिल हैं। गठबंधन के आंकड़ों के अनुसार सरकार के पास 120 विधायकों का समर्थन था, लेकिन फ्लोर टेस्ट में इसे 144 विधायकों का साथ मिला।
