अमरोहा। जनपद अमरोहा के ग्राम मलेशिया में बुधवार को गन्ने के खेत की जुताई के दौरान हाईटेंशन लाइन में हुए फॉल्ट ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। खेत में अचानक करंट उतरने से जहां एक भैंसे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, वहीं किसान गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति भारी आक्रोश व्याप्त है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार किसान रणवीर सिंह अपने भाई सतवीर सिंह के साथ खेत की जुताई कर रहे थे। इसी दौरान मौसम ने अचानक करवट ली और आसमान में बादल छाने के साथ तेज कड़कड़ाहट शुरू हो गई। तभी खेत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के ट्रांसफार्मर पोल पर लगा इंसुलेटर तेज धमाके के साथ फट गया। इंसुलेटर फटते ही लाइन में फॉल्ट हो गया और करंट खेत की गीली मिट्टी में फैल गया।

करंट की चपेट में आकर हल खींच रहा भैंसा मौके पर ही गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। वहीं जान बचाने के प्रयास में किसान रणवीर सिंह गंभीर रूप से झुलस गए। किसी तरह दोनों भाइयों ने खेत से भागकर अपनी जान बचाई। घायल किसान को आनन-फानन में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस और मलेशिया चौकी प्रभारी चंदवीर सिंह मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया। साथ ही विद्युत विभाग और पशुपालन विभाग को भी सूचना दी गई।

पशु चिकित्साधिकारी डॉ. नेपाल सिंह ने बताया कि करंट लगने से मृत भैंसे का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। वहीं हादसे के कई घंटे बाद तक बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के मौके पर न पहुंचने से ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा।

ग्रामीणों और पीड़ित परिवार का आरोप है कि यह हादसा बिजली विभाग की लापरवाही का नतीजा है। उनका कहना है कि उक्त हाईटेंशन लाइन वर्षों पुरानी और जर्जर हालत में है। लाइन में लगे लोहे के तार बदलने की मांग कई बार विभाग से की जा चुकी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
विभागीय जेई हरिशंकर कुशवाहा ने लाइनमैन को मौके पर भेजकर फॉल्ट ठीक कराने और बिजली आपूर्ति सुचारु करने की बात कही है। उधर, हादसे में किसान को करीब 50 हजार रुपये से अधिक का नुकसान होने के बाद अब पीड़ित परिवार और ग्रामीण सरकारी मुआवजे की मांग कर रहे हैं।
