केरल में मुख्यमंत्री पद को लेकर चला सियासी सस्पेंस आखिर खत्म हो गया। विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के करीब 10 दिन बाद कांग्रेस ने वीडी सतीशन को राज्य का नया मुख्यमंत्री घोषित कर दिया। गुरुवार को कांग्रेस नेताओं मुकुल वासनिक, अजय माकन और दीपा दास मुंशी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनके नाम का ऐलान किया।
सीएम चेहरे को लेकर दिल्ली में कांग्रेस हाईकमान की लंबी बैठक चली, जिसमें पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी समेत कई बड़े नेता मौजूद रहे। कई दौर की चर्चा के बाद पार्टी ने वीडी सतीशन के नाम पर सहमति बनाई।
केरल की 140 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस नेतृत्व वाले यूडीएफ गठबंधन ने 102 सीटों पर जीत दर्ज कर बड़ी जीत हासिल की है। मुख्यमंत्री पद की रेस में वीडी सतीशन के साथ रमेश चेन्निथला और केसी वेणुगोपाल के नाम भी चर्चा में थे, लेकिन आखिरकार बाजी सतीशन के हाथ लगी।
वीडी सतीशन लंबे समय से केरल की राजनीति में सक्रिय हैं। छात्र राजनीति से शुरुआत करने वाले सतीशन परवूर सीट से लगातार छठी बार विधायक बने हैं। साल 2021 में उन्हें विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। कांग्रेस के तेजतर्रार नेताओं में उनकी गिनती होती है और उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री के. करुणाकरण का करीबी माना जाता है।
मुख्यमंत्री के नाम के ऐलान में हुई देरी को लेकर विपक्ष लगातार कांग्रेस पर हमला बोल रहा था। वहीं पार्टी के अंदर भी नाराजगी देखने को मिली। वायनाड में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के खिलाफ पोस्टर लगाए गए, जिनमें आरोप लगाया गया कि पार्टी नेतृत्व केसी वेणुगोपाल को मुख्यमंत्री बनाना चाहता था।
