भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तीसरे चरण की घोषणा कर दी है। आयोग के अनुसार, इस चरण को 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में लागू किया जाएगा। यह कार्यक्रम जनगणना की हाउस लिस्टिंग प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है, ताकि दोनों कार्यों के बीच बेहतर समन्वय बना रहे।
तीसरे चरण में आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, हरियाणा, कर्नाटक, महाराष्ट्र, तेलंगाना, पंजाब, ओडिशा, झारखंड और दिल्ली समेत कई राज्यों को शामिल किया गया है। निर्वाचन आयोग का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक और त्रुटिरहित बनाना है, जिससे चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता मजबूत हो सके।
आयोग के मुताबिक, इस चरण में करीब 3.94 लाख बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर लगभग 36.73 करोड़ मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। इस प्रक्रिया में राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त 3.42 लाख बूथ लेवल एजेंट (BLA) भी सहयोग करेंगे। निर्वाचन आयोग ने सभी दलों से हर मतदान केंद्र पर BLAs नियुक्त करने की अपील की है, ताकि पुनरीक्षण प्रक्रिया ज्यादा पारदर्शी और सहभागी बन सके।
निर्वाचन आयोग ने बताया कि तीसरा चरण पूरा होने के बाद हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को छोड़कर पूरे देश में विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य पूरा हो जाएगा। इन तीन क्षेत्रों में मौसम और जनगणना के दूसरे चरण को देखते हुए बाद में कार्यक्रम घोषित किया जाएगा।
आयोग के अनुसार, पहले दो चरणों में 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में करीब 59 करोड़ मतदाताओं का पुनरीक्षण किया जा चुका है। इस दौरान 6.3 लाख से अधिक BLOs और 9.2 लाख BLAs ने भागीदारी निभाई।
SIR के तीसरे चरण का कार्यक्रम इस प्रकार है —
- 1 जुलाई 2026 से ओडिशा, मिजोरम, सिक्किम और मणिपुर में प्रक्रिया शुरू होगी, जबकि अंतिम मतदाता सूची 6 सितंबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।
- दादरा एवं नगर हवेली-दमण एवं दीव में प्रक्रिया 1 जुलाई 2026 से शुरू होकर अंतिम सूची 11 सितंबर 2026 को जारी होगी।
- उत्तराखंड में अंतिम मतदाता सूची 15 सितंबर 2026 को प्रकाशित होगी।
- आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, हरियाणा और चंडीगढ़ में अंतिम सूची 22 सितंबर 2026 को जारी की जाएगी।
- तेलंगाना और पंजाब में प्रक्रिया 1 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी।
- कर्नाटक, मेघालय, महाराष्ट्र, झारखंड और दिल्ली में अंतिम मतदाता सूची 7 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।
- नागालैंड में अंतिम सूची 22 नवंबर 2026 को और त्रिपुरा में 23 दिसंबर 2026 को जारी होगी।
