नागफनी लूटकांड का पुलिस ने किया खुलासा, प्रेमी समेत पांच आरोपी गिरफ्तार
मुरादाबाद के थाना नागफनी क्षेत्र में हुई करीब 1 करोड़ 30 लाख रुपये की चर्चित डकैती का पुलिस ने 72 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। इस सनसनीखेज मामले में सबसे हैरान करने वाला खुलासा यह हुआ कि पीतल कारोबारी की बेटी ने ही अपने प्रेमी के साथ मिलकर पूरे घटनाक्रम की योजना तैयार की थी। पुलिस ने युवती सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में नकदी, अवैध हथियार और वारदात में प्रयुक्त वाहन बरामद किए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने प्रेस वार्ता में बताया कि डकैती की वारदात बेहद योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दी गई थी। घटना के खुलासे के लिए थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम को लगाया गया था, जिन्होंने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई।
कारोबारी के घर को बनाया निशाना
घटना 11 मई की देर रात की बताई जा रही है। नागफनी थाना क्षेत्र स्थित अकबर कंपाउंड निवासी पीतल कारोबारी इमरान के घर कुछ हथियारबंद बदमाश घुस आए थे। बदमाशों ने परिवार को डराकर घर में रखी नकदी और कीमती जेवरात लूट लिए थे। करोड़ों की इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन तुरंत सक्रिय हुआ और अलग-अलग टीमों को जांच में लगाया गया।

सीसीटीवी फुटेज से खुली साजिश की परतें
नगर पुलिस अधीक्षक कुमार रणविजय और क्षेत्राधिकारी कोतवाली सुनीता दहिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मोबाइल सर्विलांस और अन्य तकनीकी माध्यमों का सहारा लिया गया। जांच के दौरान पुलिस को ऐसे सुराग मिले, जिनसे पूरी साजिश का खुलासा हो गया।
पुलिस ने इस मामले में अरशद वारसी, कुलदीप, रवि कुमार, निक्की और कारोबारी की 21 वर्षीय बेटी अरीबा को गिरफ्तार किया है।
प्रेम संबंध बना वारदात की वजह
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि अरीबा और आरोपी अरशद वारसी के बीच कई वर्षों से प्रेम संबंध थे। दोनों अलग-अलग समुदाय से होने के कारण परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था। इसी नाराजगी में दोनों ने डकैती की योजना बनाई।

जांच में यह भी पता चला कि अरीबा लगातार अपने प्रेमी को घर की आर्थिक स्थिति और परिवार की दिनचर्या की जानकारी देती रही। पुलिस के अनुसार उसने कुछ समय पहले घर की चाबियां भी अरशद तक पहुंचाई थीं। वारदात वाली रात घर का मुख्य दरवाजा खुलवाने में भी उसकी भूमिका सामने आई है।
इसके बाद अरशद अपने साथियों के साथ घर में दाखिल हुआ और पूरी डकैती को अंजाम दिया गया।
लाखों की नकदी और हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 47 लाख 24 हजार रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन, चार तमंचे, कई कारतूस और घटना में इस्तेमाल की गई दो कारें बरामद की हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में कुछ अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है और उनकी तलाश जारी है।

पुलिस टीम को मिली सराहना
डकैती कांड के खुलासे में थाना नागफनी प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सहित एसओजी, सर्विलांस और थाना पुलिस की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एसएसपी सतपाल अंतिल ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और किसी भी बड़ी वारदात में शामिल आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा।
