उत्तर प्रदेश में बुधवार शाम आए भीषण बारिश, तेज आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली के कहर ने अब तक 101 लोगों की जान ले ली है, जबकि 50 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। तेज हवाओं के चलते कई जगहों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए, जिससे भारी नुकसान हुआ है।
मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने हादसे में जान गंवाने वालों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी प्रभावित परिवारों तक 24 घंटे के भीतर राहत और मुआवजा पहुंचाया जाए। सीएम ने कहा कि राहत कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही राजस्व विभाग, कृषि विभाग और बीमा कंपनियों को नुकसान का सर्वे कर जल्द रिपोर्ट शासन को भेजने के लिए कहा गया है, ताकि प्रभावित लोगों को तुरंत आर्थिक सहायता दी जा सके।
प्रदेश में सबसे ज्यादा मौतें प्रयागराज में 21 और भदोही में 18 दर्ज की गई हैं। इसके अलावा मिर्जापुर में 15, फतेहपुर में 10, उन्नाव और बदायूं में 6-6, बरेली और प्रतापगढ़ में 4-4 लोगों की जान गई है। वहीं सीतापुर, रायबरेली, चंदौली, कानपुर देहात, हरदोई और संभल में 2-2 लोगों की मौत हुई है। कौशांबी, शाहजहांपुर, सोनभद्र और लखीमपुर में भी एक-एक व्यक्ति की जान गई है।
