मुरादाबाद। जन समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण को लेकर शासन की मंशा के अनुरूप जनपद में नियमित जनसुनवाई व्यवस्था को गंभीरता से लागू किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनता दर्शन (जनसुनवाई) कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान एक भावुक और मानवीय दृश्य भी देखने को मिला, जब जिलाधिकारी महोदय ने अपनी फरियाद लेकर आए एक छोटे बच्चे को स्नेहपूर्वक टॉफी भेंट की। जिलाधिकारी के इस व्यवहार ने वहां मौजूद लोगों का दिल जीत लिया और प्रशासन के मानवीय चेहरे की झलक दिखाई दी।

जनता दर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से आए लोगों ने भूमि विवाद, राजस्व, पेंशन, आवास, विद्युत, चिकित्सा, पुलिस एवं अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत कीं। जिलाधिकारी ने प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण पूरी पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ किया जाए।
जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी की मंशा है कि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक भटकना न पड़े। शासन द्वारा जनसुनवाई व्यवस्था को प्राथमिकता दी गई है और प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने मौके पर ही कई शिकायतों का समाधान किया। प्रशासन की इस सक्रिय कार्यशैली से फरियादियों में संतोष दिखाई दिया।
