मुरादाबाद। भारतीय किसान यूनियन टिकैत के बैनर तले ब्लॉक भगतपुर टांडा एवं भोजपुर क्षेत्र में स्वर्गीय किसान नेता महेंद्र सिंह टिकैत की 15वीं पुण्यतिथि श्रद्धा और संकल्प के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों और ग्रामीणों ने भाग लेकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

इस अवसर पर आयोजित सभा में क्षेत्र की जनसमस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया। किसानों ने बिजली विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र में भ्रष्टाचार चरम पर है और बिजली कर्मचारी व अधिकारी जनता की समस्याएं सुनने को तैयार नहीं हैं। किसानों ने ओवर रीडिंग, गलत बिलिंग और अनावश्यक बिजली बिलों से आम जनता के परेशान होने की बात कही।

सभा के दौरान किसानों ने मांग रखी कि वाजिदपुर तिगरी एवं पूर्व तिगरी की बिजली लाइन को पीपलसाना बिजली घर से जोड़ा जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर विद्युत आपूर्ति मिल सके। इसके अलावा लालूवाला क्षेत्र में नहर किनारे मजार के पास लंबे समय से खड़े अनुपयोगी पोलों को हटाकर दूसरी उपयोगी जगह लगाने की मांग भी उठाई गई। किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि वाजिदपुर तिगरी में बिजली कनेक्शन देने में जानबूझकर देरी की जा रही है।

कार्यक्रम के बाद भारतीय किसान यूनियन टिकैत की ओर से संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन मास्टर शाने आलम, ब्लॉक अध्यक्ष के नेतृत्व में दिया गया।
किसानों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो 22 मई को दोपहर 2 बजे पीपलसाना बिजली घर पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा@जफर-INN
