मुरादाबाद। थाना भोजपुर क्षेत्र के गांव सेहल में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक नवविवाहिता का शव घर के अंदर कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गांव सेहल निवासी दीपिका ने कथित रूप से कमरे में लगे कुंडे से दुपट्टे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। शनिवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को शक हुआ। जब दरवाजा खोला गया तो अंदर का दृश्य देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए। दीपिका का शव फंदे से लटका हुआ था। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी भोजपुर संजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को कब्जे में लेकर बारीकी से जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके की वीडियोग्राफी कर विभिन्न साक्ष्य जुटाए और कमरे में मौजूद सामान, फंदे व अन्य परिस्थितियों की तकनीकी जांच की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
बताया जा रहा है कि दीपिका की शादी 4 फरवरी 2026 को भोजपुर थाना क्षेत्र निवासी धर्मेंद्र के साथ हुई थी। शादी को अभी करीब तीन महीने ही हुए थे। अचानक हुई इस घटना से मायके और ससुराल दोनों पक्षों में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सूत्रों के मुताबिक पुलिस विवाहिता के वैवाहिक जीवन और पारिवारिक परिस्थितियों को भी जांच के दायरे में लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं, मृतका के पति धर्मेंद्र को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।
