मुरादाबाद। जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आमजन को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में थाना बिलारी क्षेत्र के अंतर्गत नव निर्मित पुलिस चौकी धर्मपुर कला का उद्घाटन किया गया।

शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट शक्ति दुबे ने जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह की उपस्थिति में फीता काटकर और शिलापट्ट का अनावरण कर नई पुलिस चौकी का शुभारंभ किया।


अधिकारियों ने कहा कि नई पुलिस चौकी के संचालन से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जा सकेगा।

इसके साथ ही अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में भी सहायता मिलेगी।

उद्घाटन के बाद अधिकारियों ने चौकी परिसर का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार रखने, शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने तथा क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।


इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी बिलारी, प्रभारी निरीक्षक बिलारी सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
