मुरादाबाद। श्रावण माह के अवसर पर नगर निगम मुरादाबाद की ओर से कांवड़ियों के स्वागत एवं सम्मान के लिए दिल्ली-मुरादाबाद हाईवे पर विशेष आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महापौर श्री विनोद अग्रवाल, जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया एवं नगर आयुक्त श्री दिव्यांशु पटेल ने कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया तथा उनकी मंगलमय एवं सुरक्षित यात्रा की कामना की। पुष्पवर्षा से कांवड़ मार्ग का वातावरण श्रद्धा और उत्साहपूर्ण हो गया।

कांवड़ियों के स्वागत के लिए नगर निगम द्वारा आधुनिक मशीनों के माध्यम से विशेष व्यवस्थाएं की गईं। जैसे ही कांवड़ियों का जत्था हाईवे से गुजरा, उन पर फूलों की वर्षा की गई। श्रद्धालुओं ने नगर निगम की इस पहल की सराहना की और स्वागत से उत्साहित नजर आए।

नगर निगम की ओर से कांवड़ियों के लिए भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं को भोजन एवं प्रसाद उपलब्ध कराया गया। आयोजन के दौरान नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में जुटे रहे। कांवड़ यात्रा को देखते हुए कांवड़ मार्ग पर विशेष साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। मार्गों की नियमित सफाई के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

नगर आयुक्त श्री दिव्यांशु पटेल ने कहा कि कांवड़ यात्रा श्रद्धा, आस्था और सेवा का पर्व है। नगर निगम का प्रयास है कि मुरादाबाद से गुजरने वाले प्रत्येक कांवड़िया को बेहतर सुविधाएं मिलें और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो। पुष्पवर्षा एवं भंडारे के माध्यम से नगर निगम ने श्रद्धालुओं के प्रति सम्मान और सेवा भावना का संदेश दिया।

नगर निगम द्वारा कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है@शांतनु/INN
