राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की ओर से आयोजित ऑल इंडिया आयुष पोस्ट ग्रेजुएट एंट्रेंस टेस्ट (AIAPGET) के दौरान जयपुर में परीक्षा व्यवस्था को लेकर विवाद खड़ा हो गया। श्री सत्य साईं पीजी कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्र पर पहली पाली में अचानक बिजली गुल होने से कई अभ्यर्थियों की परीक्षा प्रभावित हुई। छात्रों ने व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए दोबारा परीक्षा कराने की मांग की।
जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 10:20 बजे परीक्षा केंद्र की बिजली चली गई। इसके बाद जनरेटर की व्यवस्था की गई, लेकिन उसे शुरू होने में समय लगा। अभ्यर्थियों का आरोप है कि इस दौरान परीक्षा का काफी समय निकल गया और कुछ परीक्षार्थी अपना पेपर पूरा कर चुके थे। बाद में अतिरिक्त समय देने की बात कही गई, लेकिन छात्रों ने इसे पर्याप्त समाधान नहीं माना।
परीक्षार्थियों ने यह भी आरोप लगाया कि बिजली जाने के दौरान प्रश्नपत्र को लेकर छात्रों के बीच चर्चा हुई, जिससे परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता पर सवाल खड़े हुए। उनका कहना था कि ऐसी स्थिति में अतिरिक्त समय देना उन अभ्यर्थियों के लिए बराबरी का मौका नहीं देता, जिन्होंने पहले ही परीक्षा पूरी कर ली थी।
NTA ने लिया बड़ा फैसला
NTA के मुताबिक, 22 अगस्त 2026 को आयोजित AIAPGET की पहली पाली में देशभर के 200 परीक्षा केंद्रों पर 36,979 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 35,837 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए और 35,788 अभ्यर्थी परीक्षा पूरी कर सके।
जयपुर के श्री सत्य साईं पीजी कॉलेज केंद्र पर कुल 192 अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे थे। इनमें से 49 अभ्यर्थी बिजली की समस्या के कारण परीक्षा पूरी नहीं कर पाए। NTA ने स्पष्ट किया कि यह समस्या परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी M/S Eduquity Career Technologies Private Limited के स्तर पर हुई।
NTA ने प्रभावित अभ्यर्थियों से असुविधा के लिए खेद जताते हुए इन 49 अभ्यर्थियों की दोबारा परीक्षा कराने का फैसला किया है। अब इनकी परीक्षा 1 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे राजस्थान कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग फॉर वुमेन, जयपुर में आयोजित की जाएगी।
दोबारा परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए संशोधित एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे। इसमें परीक्षा केंद्र और अन्य जरूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
