समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पीडीए को लेकर दिए बयान पर पलटवार किया है। अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी पीडीए से घबराई हुई है, इसलिए इसकी परिभाषा बदलने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पी का मतलब पाकिस्तान बताने वाले बीजेपी के लिए इसका मतलब ‘भाग जाओ पाकिस्तान’ होना चाहिए। अखिलेश ने कहा कि उनके लिए पीडीए का अर्थ प्रेम, दया और अपनापन है।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर प्राथमिक स्कूलों की व्यवस्था में सुधार किया जाएगा। उन्होंने प्रदेश में महंगाई और आम लोगों की परेशानियों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उनका आरोप है कि पेट्रोल में एथेनॉल मिलाने और चीनी की कीमत बढ़ने के पीछे मुनाफे का खेल है। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि आयुष्मान कार्ड वाले करीब 15 करोड़ गरीब लोगों की प्रति व्यक्ति आय कितनी है।
2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी और उसके सहयोगी दल सभी 403 सीटों पर तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने गठबंधन को लेकर कहा कि सपा किसी को छोड़कर नहीं जाती, बल्कि लोग सपा को छोड़कर जाते हैं।
प्रयागराज और लखनऊ में जलभराव को लेकर भी अखिलेश यादव ने सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर बड़ी रकम खर्च होने के बावजूद शहरों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। वहीं, बुलेट प्रूफ जैकेट को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि उन्हें इसकी जरूरत नहीं है और अभी तक उन्हें जैकेट मिली भी नहीं है।
अखिलेश यादव ने ऐलान किया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर डेयरी कारोबार को बढ़ावा देने के लिए नई नीति लाई जाएगी। उनका कहना है कि ऐसी नीति बनाई जाएगी जिससे पशुपालन और डेयरी कारोबार से जुड़े लोगों को लाभ मिल सके।
दिव्यांगों के मुद्दे पर भी सपा प्रमुख ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने पर दिव्यांगों के लिए अलग घोषणापत्र तैयार किया जाएगा और उन्हें सम्मान देने के साथ इलेक्ट्रिक व्हीलचेयर उपलब्ध कराने का काम किया जाएगा।
अखिलेश यादव ने दिव्यांगों को आर्थिक सहायता के मुद्दे पर भी बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी ने 40 हजार रुपये की सहायता की घोषणा की थी, जिसे बीजेपी ने पहले ‘हवाई’ बताया था, जबकि अब 50 हजार रुपये देने की बात कही जा रही है।
गौमूत्र से जुड़े सवाल पर अखिलेश यादव ने व्यंग्यात्मक अंदाज में जवाब देते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी कार्यालय में 200 लीटर रखा हुआ है और सवाल किया कि इसके लिए पैसे कहां से आएंगे।
