मुरादाबाद। थाना मुगलपुरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो दिन से लापता 18 वर्षीय युवक को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। युवक के सकुशल मिलने पर परिवार ने पुलिस टीम का आभार जताया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रतीक अग्रवाल पुत्र संदीप अग्रवाल, उम्र करीब 18 वर्ष, निवासी गली नंबर-2 लालबाग, थाना मुगलपुरा दो दिन पूर्व बिना बताए घर से कहीं चला गया था। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर परिजनों ने थाना मुगलपुरा पुलिस को गुमशुदगी की सूचना दी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए लालबाग चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक ओम शुक्ला ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। गुमशुदा युवक के फोटो एवं आवश्यक दस्तावेज सोशल मीडिया ग्रुपों के साथ-साथ जिले के अन्य थानों, आसपास के जनपदों और रेलवे स्टेशनों पर प्रसारित किए गए, ताकि युवक के संबंध में जल्द से जल्द कोई सुराग मिल सके।
पुलिस की सक्रियता का परिणाम शनिवार 22 अगस्त 2026 को सामने आया, जब मुगलपुरा पुलिस टीम ने मुरादाबाद रेलवे स्टेशन से प्रतीक अग्रवाल को सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में युवक ने पुलिस को बताया कि परिजनों की डांट से नाराज होकर वह गुस्से में घर से चला गया था।
आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने प्रतीक को उसकी माता के सुपुर्द कर दिया। बेटे के सकुशल वापस मिलने पर परिजनों ने मुरादाबाद पुलिस और लालबाग चौकी प्रभारी ओम शुक्ला का धन्यवाद किया।
मुरादाबाद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि बच्चों पर विशेष ध्यान दें, उनके साथ संवाद बनाए रखें और किसी भी परेशानी या तनाव की स्थिति में उनकी बात को समझने का प्रयास करें। पुलिस ने कहा कि परिजनों और बच्चों के बीच बेहतर संवाद से ऐसी परिस्थितियों को टाला जा सकता है@शांतनु/INN
