लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चीनी की उपलब्धता और कीमतों को लेकर अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में सीएम ने प्रदेश में चीनी की पर्याप्त आपूर्ति बनाए रखने के साथ ही कालाबाजारी और निर्धारित दर से अधिक कीमत पर बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
सरकार के मुताबिक, प्रदेश की चीनी मिलों में इस समय करीब 179.38 लाख क्विंटल चीनी का भंडार मौजूद है। इसमें सहकारी मिलों के पास 23.60 लाख क्विंटल, निगम की मिलों में 5.28 लाख क्विंटल और निजी चीनी मिलों में 150.50 लाख क्विंटल स्टॉक शामिल है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि किसी डीलर द्वारा 400 टन से अधिक चीनी का स्टॉक रखने या 30 दिन से ज्यादा समय तक भंडारण करने पर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को ऐसे मामलों में एस्मा के तहत भी कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में गन्ना किसानों को किए गए भुगतान की भी जानकारी दी गई। सरकार के अनुसार, प्रदेश के करीब 48 लाख गन्ना किसानों को 3,217 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है।
वहीं, प्रदेश में आगामी गन्ना पेराई सत्र 15 अक्टूबर से शुरू होने की तैयारी है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि चीनी की उपलब्धता, आपूर्ति और कीमतों पर लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।
