मुरादाबाद। पंचायत भवन, मुरादाबाद में शनिवार को पुलिसकर्मियों के व्यवहार कौशल को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लखनऊ से पधारे पुलिस उपमहानिरीक्षक (ट्रेनिंग) IPS श्री देव वर्मा, पुलिस उपमहानिरीक्षक, मुरादाबाद परिक्षेत्र जी मुनिराज तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल द्वारा रेंज के समस्त निरीक्षकों एवं मुख्य आरक्षियों को व्यवहार कौशल, संवाद क्षमता और जनसामान्य के साथ बेहतर समन्वय के संबंध में प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को प्रभावी एवं शालीन संवाद, नागरिकों के प्रति संवेदनशील व्यवहार तथा परिस्थितियों के अनुरूप सकारात्मक और प्रोफेशनल दृष्टिकोण अपनाने के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया गया। अधिकारियों ने पुलिसिंग में व्यवहार एवं संवाद की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि आमजन के साथ पुलिस का व्यवहार ही पुलिस व्यवस्था के प्रति उनकी धारणा को प्रभावित करता है।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिसकर्मियों के व्यवहार में संवेदनशीलता, सकारात्मकता और पेशेवर दृष्टिकोण को और अधिक सुदृढ़ करना रहा। प्रशिक्षण के माध्यम से पुलिसकर्मियों को जनता की समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुनने, प्रभावी ढंग से संवाद स्थापित करने और बेहतर समन्वय के साथ समस्याओं के समाधान की दिशा में कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया।

प्रशिक्षण में इस बात पर भी जोर दिया गया कि पुलिसकर्मी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते समय कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ नागरिकों के प्रति सम्मानजनक और सहयोगात्मक व्यवहार सुनिश्चित करें। इससे पुलिस और जनता के बीच विश्वास मजबूत होगा तथा बेहतर जनसहभागिता के साथ पुलिसिंग को और प्रभावी बनाया जा सकेगा।
कार्यक्रम के माध्यम से पुलिसकर्मियों को व्यवहार संबंधी व्यावहारिक पहलुओं से जोड़ते हुए उनकी कार्यक्षमता और जनसेवा की भावना को और मजबूत करने का प्रयास किया गया@शांतनु/INN
