मुरादाबाद। ठाकुरद्वारा रेंज के अंतर्गत ग्राम कोठा महमूद में वन विभाग की टीम को शनिवार को एक और बड़ी सफलता मिली। वन विभाग द्वारा लगाए गए ट्रैप केज में एक तेंदुआ कैद हो गया। शनिवार को यह दूसरा तेंदुआ है, जिसे ट्रैप केज के माध्यम से सुरक्षित पकड़ा गया है। इसके साथ ही क्षेत्र में अब तक कुल 08 तेंदुओं का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया जा चुका है।
लगातार तेंदुओं की मौजूदगी और ग्रामीण क्षेत्रों में उनके दिखाई देने के बाद वन विभाग की टीमें संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी और रेस्क्यू अभियान चला रही हैं। तेंदुओं की गतिविधियों वाले स्थानों को चिन्हित कर वहां ट्रैप केज लगाए गए हैं, ताकि उन्हें बिना किसी नुकसान के सुरक्षित पकड़ा जा सके।
शनिवार को ग्राम कोठा महमूद में लगाए गए ट्रैप केज में तेंदुआ फंसने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। तेंदुए को सुरक्षित तरीके से केज से निकाला गया और विभागीय प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
वन विभाग के लगातार अभियान के बीच एक ही दिन में दो तेंदुओं का पकड़ा जाना क्षेत्र में चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन की सक्रियता को दर्शाता है। हालांकि, ग्रामीण इलाकों में तेंदुओं की गतिविधियों को देखते हुए अभी भी सतर्कता बरतने की जरूरत है।
वन विभाग की ओर से ग्रामीणों से अपील की जा रही है कि वे खेतों और जंगल से सटे इलाकों में अकेले न जाएं, विशेषकर सुबह और शाम के समय अतिरिक्त सावधानी बरतें। तेंदुआ दिखाई देने पर उसके करीब जाने, उसे घेरने या भीड़ जुटाने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना दें।
08 तेंदुओं के रेस्क्यू के बाद भी अभियान जारी है और वन विभाग की टीमें तेंदुओं की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं@जफर/INN
