मुरादाबाद : जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने शुक्रवार को मुरादाबाद शहर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय तथा कन्या जूनियर हाईस्कूल एवं प्राथमिक विद्यालय लाकड़ी बालान का निरीक्षण कर शिक्षण व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा एवं मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मिली कमियों पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं प्रधानाचार्यों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के निरीक्षण में जिलाधिकारी ने कोतवाली से यहां तक लगभग 50 मीटर के मार्ग को जोड़ने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि छात्राओं को आवागमन में सुविधा हो। उन्होंने पूरे जीआईसी परिसर का विस्तृत नक्शा तैयार कराने तथा परिसर में अवैध कब्जों की स्थिति स्पष्ट करने के निर्देश दिए। पूर्व में कराई गई नाप एवं जांच की प्रगति की भी जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने परिसर में बंदरों की समस्या के समाधान के लिए नगर निगम को बंदरों को पकड़ने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। सीढ़ियों के नीचे लगी ग्रिल की व्यवस्था दुरुस्त कराने, परिसर की समुचित सफाई तथा बंदरों से बचाव के लिए आवश्यक स्थानों पर ग्रिल लगाने के निर्देश दिए। छात्राओं की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए खिड़कियों पर मच्छररोधी जाली लगवाने को भी कहा।
उन्होंने छात्राओं के लिए दैनिक उपयोग की डायरी, बैग आदि आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने के साथ ही म्यूजिक शिक्षक एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कन्या जूनियर हाईस्कूल एवं प्राथमिक विद्यालय लाकड़ी बालान के निरीक्षण में जिलाधिकारी ने परिसर में गंदगी पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। कायाकल्प के तहत कराए गए कार्यों की गुणवत्ता पर भी उन्होंने असंतोष जताया तथा टूटी टाइल्स सहित विद्यालय की आवश्यक मरम्मत एवं रंगाई-पुताई कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी बच्चा निर्धारित छुट्टी के समय से पहले विद्यालय से बाहर न जाए। सभी विद्यार्थी निर्धारित स्कूल यूनिफॉर्म में ही विद्यालय आएं। यूनिफॉर्म में न रहने और अनुशासनहीनता पर शिक्षक यासीन को चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विद्यालय की छत की बाउंड्री को तीन फीट ऊंचा कराने तथा उसके ऊपर ग्रिल लगवाने के निर्देश दिए। विद्यालय में बंद पड़े सोलर पैनल एवं सीसीटीवी कैमरों को तत्काल चालू कराने तथा उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। विद्यालय तक जाने वाले मार्ग की सफाई एवं आवश्यक निर्माण कार्य कराने के भी निर्देश दिए।
विद्यालय में स्थान की कमी को देखते हुए कक्षा 6, 7 एवं 8 की कक्षाओं को जीआईसी परिसर में शिफ्ट करने के निर्देश दिए साथ ही विद्यालय परिसर की स्वच्छता के प्रति विद्यार्थियों में जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के लिए श्रमदान के माध्यम से परिसर एवं कक्षाओं की सफाई कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने प्रधानाचार्य को कड़ी चेतावनी देते हुए निर्देशों के अनुपालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने को कहा। उन्होंने पूर्व निरीक्षण में जीआईसी परिसर की बाउंड्री बनाए जाने के दिए गए निर्देशों की अनुपालन आख्या प्रस्तुत करने तथा पूर्व में जारी सभी निर्देशों पर की गई कार्रवाई से अवगत कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए@शांतनु/INN
