मुरादाबाद : कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी नगर अंकुर श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आगामी ईद मिलादुन्नबी ( बारहवफात) के पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल ढंग से संपन्न कराए जाने के संबंध में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में शहर के गणमान्य नागरिकों एवं धर्मगुरुओं द्वारा पर्व के दौरान व्यवस्थाओं से संबंधित विभिन्न समस्याओं एवं सुझावों से प्रशासन को अवगत कराया गया। इस दौरान सीवर लाइन के कार्य के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, विद्युत के लटके एवं जर्जर तारों को दुरुस्त कराने तथा भूमिगत नालियों की साफ-सफाई कराने की मांग रखी गई।
अपर जिलाधिकारी नगर ने कहा कि बैठक में नागरिकों एवं धर्मगुरुओं द्वारा बताई गई सभी समस्याओं एवं सुझावों को नोट कर लिया गया है। संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने नगर निगम को अपनी टीम के साथ जुलूस मार्ग का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने तथा जुलूस मार्ग पर आवारा पशुओं को पकड़ने के निर्देश दिए।

उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि पूर्व की भांति इस वर्ष भी ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर विद्युत संबंधी सभी व्यवस्थाएं समय से दुरुस्त कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि ईद मिलादुन्नबी का पर्व पूर्ण सौहार्द, भाईचारे एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया जाए। सभी के सहयोग से ऐसा जुलूस निकाला जाए, जो शांति एवं सौहार्द की मिसाल कायम करे।
एसपी सिटी रणविजय सिंह ने कहा कि ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर आवश्यक व्यवस्थाओं एवं बारहवफात के जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने सभी से अपील की कि बैठक में दिए गए सुझावों एवं निर्देशों का पालन करते हुए जुलूस को सफलतापूर्वक एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराएं। उन्होंने बताया कि पुलिस प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।

अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने कहा कि बैठक में सामने आई समस्याओं का संबंधित विभागों के माध्यम से समयबद्ध ढंग से निस्तारण कराया जाएगा। साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से दुरुस्त कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
एसपी ट्रैफिक ने बताया कि पूर्व की भांति इस वर्ष भी ईद मिलादुन्नबी के जुलूस के दौरान आवश्यकतानुसार यातायात डायवर्जन लागू किया जाएगा। यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए समुचित व्यवस्थाएं की जाएंगी। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति या संस्था के पास यातायात व्यवस्था से संबंधित कोई सुझाव है, तो उस पर भी विचार-विमर्श कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में नगर मजिस्ट्रेट युवराज सिंह, समस्त पुलिस क्षेत्राधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर निकाय, नगर निगम, विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी, शहर इमाम सैयद मासूम अली आजाद, नायब शहर इमाम तथा शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे@शांतनु/INN
