मुरादाबाद। थाना सिविल लाइन क्षेत्र की पॉश कॉलोनी आशियाना फेस-2 में शनिवार शाम हुई लूट की सनसनीखेज वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। बदमाशों ने सिंचाई विभाग के दिवंगत एसडीओ की पत्नी को निशाना बनाते हुए उनके हाथों से करीब आठ से दस लाख रुपये कीमत के सोने के गहने मोबाइल फोन और पर्स छीन लिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार आशियाना फेस-2 स्थित मकान संख्या ए-1/18 निवासी ऋषिपाल सिंह ने थाना सिविल लाइन पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनके स्वर्गीय भाई महीपाल सिंह सिंचाई विभाग में एसडीओ के पद पर तैनात थे शनिवार शाम करीब साढ़े छह बजे उनकी भाभी सुनीता सिंह बाजार से फल खरीदकर घर लौट रही थीं। वह फेस-2 के जेड-1 क्षेत्र से होकर टुकिप पार्क वाली गली के रास्ते अपने घर की ओर जा रही थीं। इसी दौरान दो संदिग्ध युवक पैदल उनके पीछे लग गए पीड़िता के मुताबिक जैसे ही वह सुनसान गली में पहुंचीं दोनों युवकों ने उन्हें रोक लिया पहले सामान्य बातचीत कर उन्हें उलझाने का प्रयास किया गया और फिर अचानक उनके हाथों में पहनी चार सोने की चूड़ियां और सोने की अंगूठी छीन ली। इसके अलावा बदमाश उनका मोबाइल फोन और पर्स भी लेकर फरार हो गए। पर्स में करीब 800 रुपये नकद और घर की चाबी रखी हुई थी।
बताया जा रहा है कि बदमाश करीब 65 ग्राम वजन की चार सोने की चूड़ियां और लगभग 7 ग्राम की सोने की अंगूठी लूटकर ले गए। पीड़ित परिवार के अनुसार गहनों की कीमत करीब आठ से दस लाख रुपये के बीच है। वारदात के बाद सुनीता सिंह घबराकर चीखने लगीं। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची। महिला की हालत घबराहट के कारण बिगड़ गई थी, जिसे स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों ने संभाला। थोड़ी देर बाद चौकी प्रभारी आशियाना और थाना प्रभारी निरीक्षक सिविल लाइन मनीष सक्सेना भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की।
पुलिस ने मौके का निरीक्षण करने के बाद आसपास के घरों और रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकलवानी शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपी पहले से महिला की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे और सुनसान जगह मिलते ही वारदात को अंजाम दिया गया।
पीड़िता सुनीता सिंह ने पुलिस को बताया कि वह दोनों युवकों को पहचान सकती हैं क्योंकि घटना से पहले उन्होंने उनसे बातचीत की थी। पुलिस अब फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर बदमाशों की पहचान में जुटी हुई है पॉश कॉलोनी में दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक वारदात के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने संदिग्ध लोगों की निगरानी करने और शाम के समय सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
