मुरादाबाद जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आमजन को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। थाना काँठ क्षेत्र के अंतर्गत नवनिर्मित पुलिस चौकी गढ़ी सलेमपुर का रविवार को विधिवत उद्घाटन किया गया। नई चौकी के शुरू होने से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को नई मजबूती मिलने के साथ-साथ अपराध नियंत्रण में भी सहायता मिलेगी।

उद्घाटन समारोह में ज्वाईन्ट मजिस्ट्रेट के जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल तथा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह की उपस्थिति में फीता काटकर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर चौकी का शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में पूरे कार्यक्रम को गरिमामय ढंग से संपन्न कराया गया।

अधिकारियों ने कहा कि गढ़ी सलेमपुर पुलिस चौकी के संचालन से क्षेत्र के लोगों को अब छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। स्थानीय स्तर पर ही पुलिस सहायता मिलने से आमजन को राहत मिलेगी और शिकायतों का तेजी से निस्तारण किया जा सकेगा।

साथ ही क्षेत्र में होने वाली आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी। उद्घाटन के बाद अधिकारियों ने चौकी परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार रखने शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने तथा क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी काँठ, प्रभारी निरीक्षक काँठ सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने भी नई पुलिस चौकी के उद्घाटन का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।
