मुरादाबाद। जनपद के भगतपुर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

जानकारी के अनुसार अलीगंज-रोशनपुर मार्ग से गुजर रहे राहगीरों ने सड़क किनारे शव पड़ा देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही भगतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान कराने का प्रयास शुरू कर दिया है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

प्राथमिक जांच में मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।
