मुरादाबाद। जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आमजन को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में थाना डिलारी क्षेत्र के अंतर्गत नवनिर्मित पुलिस चौकी ढकिया का शनिवार को उद्घाटन किया गया।

पुलिस चौकी का उद्घाटन ज्वाइंट मजिस्ट्रेट द्वारा जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल एवं पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह की उपस्थिति में फीता काटकर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर किया गया।

अधिकारियों ने कहा कि नई पुलिस चौकी के संचालन से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी। साथ ही आमजन की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जा सकेगा तथा अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में भी मदद मिलेगी।

उद्घाटन कार्यक्रम के बाद अधिकारियों ने चौकी परिसर का निरीक्षण भी किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार रखने, शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने तथा क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी ठाकुरद्वारा, थाना प्रभारी डिलारी सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे@जफर-INN
