मुरादाबाद। प्रदेश सरकार द्वारा अनुदेशकों के मानदेय में वृद्धि किए जाने के निर्णय को लेकर रविवार को मुरादाबाद के पंचायत भवन में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण देखा एवं सुना गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल, जॉइंट मजिस्ट्रेट सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की और मुख्यमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा अनुदेशकों के मानदेय में वृद्धि संबंधी निर्णय को प्रदेश सरकार की शिक्षा और कर्मचारी हितैषी नीतियों का हिस्सा बताया गया। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ-साथ शिक्षण कार्य से जुड़े कर्मियों के हितों के संरक्षण और उनके आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है।

पंचायत भवन में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अनुदेशक, शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मौजूद अनुदेशकों ने सरकार के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे उनके सम्मान और मनोबल को बढ़ाने वाला कदम बताया।
जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया ने कहा कि सरकार की योजनाओं और निर्णयों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। वहीं अधिकारियों ने शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए सभी से समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से संवाद भी किया और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
