ओवरस्पीड वाहनों पर होगी कड़ी कार्रवाई, ब्लैक स्पॉट्स पर जल्द सुधरेंगी व्यवस्थाएं
मुरादाबाद। मंडलायुक्त आञ्जनेय कुमार सिंह एवं डीआईजी परिक्षेत्र जी मुनिराज की उपस्थिति में वर्ष 2026 की प्रथम मण्डलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कमिश्नरी सभागार में आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण, ओवरस्पीड वाहनों पर कार्रवाई तथा ब्लैक स्पॉट्स के सुधार को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए मण्डलायुक्त ने मण्डल के सभी जनपदों में निर्धारित मानकों के अनुसार जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की नियमित बैठकें आयोजित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारियों (प्रवर्तन) को सड़क हादसों में कमी लाने के लिए प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

बिना हेलमेट और तीन सवारी पर चलेगा अभियान
मण्डलायुक्त ने बिना हेलमेट वाहन चलाने और तीन सवारी बैठाने वाले दोपहिया चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर चालान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तेज गति से वाहन चलाने वाले बाइक चालकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें दिनभर थाने में बैठाया जाए।
डम्पर और ट्रैक्टर चालकों पर विशेष नजर
बैठक में ओवरस्पीड डम्परों और ट्रैक्टरों को दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बताते हुए इनके खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। ओवरस्पीड वाहनों के चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की भी बात कही गई।
ब्लैक स्पॉट्स पर होंगे स्थायी सुधार
मण्डलायुक्त ने सभी ब्लैक स्पॉट्स पर अल्पकालिक एवं दीर्घकालिक सुधारात्मक कार्यवाही कराने के निर्देश दिए। इसमें रोड मार्किंग, साइनेज, स्पीड टेबल मार्किंग, रिफ्लेक्टर, रम्बल स्ट्रिप, ब्लिंकर एवं लाइटिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
बिजनौर और संभल में बढ़ते हादसों पर चिंता
बैठक में जनपद Bijnor एवं Sambhal में सड़क दुर्घटनाओं और मृतकों की संख्या बढ़ने पर चिंता जताई गई। इन जिलों में विशेष अभियान चलाकर हादसों में कमी लाने के निर्देश दिए गए।

स्कूल समय में विशेष चेकिंग के निर्देश
स्कूल समय के दौरान बिना हेलमेट और बिना लाइसेंस वाहन चलाने वाले छात्रों के खिलाफ विशेष कार्रवाई करने को कहा गया। साथ ही रोडवेज बसों द्वारा बस अड्डे के बाहर सवारी चढ़ाने और उतारने पर चालान की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
ई-रिक्शा संचालन पर भी रहेगा नियंत्रण
बैठक में अवैध रूप से संचालित ई-रिक्शाओं पर थानेवार अभियान चलाने तथा ई-रिक्शा और ई-ऑटो का संचालन हाईवे पर न होने देने के निर्देश भी दिए गए।
पीड़ित परिवारों को योजनाओं की जानकारी देने पर जोर
दुर्घटनाओं में घायल और मृत व्यक्तियों के परिजनों को सरकारी सहायता योजनाओं की जानकारी देने के लिए अस्पतालों और थानों में होर्डिंग लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही घायलों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ त्वरित रूप से उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
बैठक में अतुल कुमार, पंकज वर्मा, सुभाष चंद्र गंगवा, राजेश सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
