सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील, सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर
मुरादाबाद। एसएसपी सतपाल अंतिल के निर्देशन में बुधवार को क्षेत्राधिकार कटघर द्वारा थाना कटघर परिसर में आगामी बकरीद के दृष्टिगत पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, व्यापारियों एवं पीस कमेटी के सदस्यों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान अधिकारियों ने त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील करते हुए सभी समुदायों से आपसी भाईचारा बनाए रखने का आह्वान किया। क्षेत्राधिकारी ने कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित न की जाए। यदि कोई व्यक्ति माहौल बिगाड़ने का प्रयास करता है तो इसकी तत्काल सूचना पुलिस को देने के लिए कहा गया।

बैठक में साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था, नमाज स्थलों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था तथा संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती को लेकर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पीस कमेटी के सदस्यों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया तथा त्योहार को आपसी प्रेम और सद्भाव के साथ मनाने की बात कही। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि कुर्बानी निर्धारित स्थानों पर ही की जाए तथा शासन-प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में थाना पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी सहित क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
