मुरादाबाद। श्रम मंत्री अनिल राजभर ने सर्किट हाउस सभागार में मंडलीय समीक्षा बैठक कर श्रम एवं सेवायोजन विभाग की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रमिक पंजीयन अभियान को तेज किया जाए और योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक श्रमिक सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
बैठक के दौरान मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विभागीय स्तर पर प्रयासों में कमी रहने के कारण कई श्रमिक योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने निर्देशित किया कि श्रमिक पंजीयन कैंप नियमित रूप से आयोजित किए जाएं और यह अभियान निरंतर चलता रहे। साथ ही कलेक्ट्रेट, विकास भवन, तहसील एवं ब्लॉक मुख्यालयों पर योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए बड़े स्तर पर होर्डिंग लगाए जाएं।

उन्होंने अधिकारियों को हितलाभ वितरण कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने के निर्देश भी दिए। मंत्री ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया जाए, जिससे योजनाओं की जानकारी आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके।
सेवायोजन विभाग की समीक्षा करते हुए मंत्री ने अधिक से अधिक रोजगार मेलों के आयोजन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि रोजगार मेलों के माध्यम से बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी प्रयास किए जाएं। इसके अलावा विदेशों में रोजगार के अवसरों को देखते हुए उन्होंने सेवायोजन विभाग को जर्मन, रूसी, जापानी और अंग्रेजी जैसी विदेशी भाषाओं के प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित करने के निर्देश दिए, ताकि श्रमिकों और युवाओं को विदेशों में रोजगार प्राप्त करने में सुविधा मिल सके।

बैठक में कारखानों के पंजीयन बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने सहायक निदेशक कारखाना को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक इकाइयों का पंजीयन सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही उन्होंने नवाचार को बढ़ावा देने और बढ़ी हुई मजदूरी दरों की जानकारी सभी कारखानों तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में उप श्रमायुक्त सहित मुरादाबाद मंडल के सभी जनपदों के सहायक श्रमायुक्त, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, सहायक निदेशक सेवायोजन, सहायक निदेशक कारखाना तथा अटल आवासीय विद्यालय मुरादाबाद के प्रधानाचार्य समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
