मुरादाबाद। जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया और एसएसपी सतपाल अंतिल की उपस्थिति में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर से बड़ी संख्या में किसान एवं विभिन्न किसान संगठनों के पदाधिकारी पहुंचे और कृषि, बिजली तथा विपणन से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि किसान दिवस को अधिक सुव्यवस्थित और प्रभावी बनाने के लिए पूर्व में निर्देश दिए गए थे कि प्रत्येक किसान संगठन से अधिकतम 10-10 किसान एवं पदाधिकारी ही प्रतिभाग करेंगे। इसके लिए उप कृषि निदेशक एवं जिला कृषि अधिकारी को किसान संगठनों से दूरभाष पर संपर्क कर सीमित संख्या में प्रतिभाग सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद किसान दिवस में अपेक्षा से अधिक संख्या में किसान संगठनों के पदाधिकारी और कृषक पहुंचे। इस पर जिलाधिकारी ने सभी संगठनों से अनुरोध किया कि केवल 10-10 प्रतिनिधि बैठक में बने रहें, हालांकि भारतीय किसान यूनियन के एक संगठन ने इसका विरोध करते हुए बैठक का बहिष्कार कर दिया।

बैठक में नवाचारी कृषक श्री आरेन्द्र बड़गोती और श्री राजेश कुमार ने अपने जैविक उत्पादों जैसे गुड़, शहद आदि के लिए ऑनलाइन एवं ऑफलाइन बाजार उपलब्ध कराने की मांग उठाई। वहीं कुछ किसानों ने विद्युत विभाग से जुड़ी समस्याओं को भी अधिकारियों के समक्ष रखा। इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत को किसानों की बिजली संबंधी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने के निर्देश दिए। साथ ही एसडीएम सदर को जैविक उत्पादों की बिक्री के लिए उपयुक्त बाजार एवं स्थान उपलब्ध कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने किसान दिवस को अधिक उपयोगी और ज्ञानवर्धक बनाने के उद्देश्य से नई कार्ययोजना भी घोषित की। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक माह तीसरे बुधवार को आयोजित होने वाले किसान दिवस में प्रगतिशील एवं नवाचारी किसानों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसमें सोलर पंप लाभार्थी किसान, कृषि वैज्ञानिक, मत्स्य पालन करने वाले किसान, पशुपालक, गन्ना उत्पादक, उद्यान विभाग से जुड़े ग्रामीण एवं शहरी किसान, सहकारिता विभाग, फसल बीमा तथा दुग्ध उत्पादन विभाग से संबंधित किसान शामिल होंगे।
इसके अतिरिक्त स्ट्रॉबेरी, लीची, मोती उत्पादन, जैविक खेती और मिलेट्स से जुड़े किसानों, एफपीओ प्रतिनिधियों तथा स्वयं सहायता समूहों को भी किसान दिवस में आमंत्रित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बैठक की शुरुआत आधे घंटे की कृषि समीक्षा बैठक से होगी, इसके बाद आधे घंटे एफपीओ बैठक तथा एक घंटे किसान दिवस का आयोजन किया जाएगा।

किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर “किसान दिवस ग्रुप मुरादाबाद” भी बनाया गया है। इस ग्रुप के माध्यम से किसान अपनी समस्याएं संदेश भेजकर संबंधित विभागों तक पहुंचा सकेंगे और समाधान प्राप्त कर सकेंगे।
जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि शासनादेश के अनुसार किसान दिवस में संबंधित विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य होगी। किसी अपरिहार्य स्थिति में ही मुख्य विकास अधिकारी अथवा जिलाधिकारी से अनुमति लेकर अनुपस्थित रहा जा सकेगा। अनुपस्थिति की स्थिति में विभाग का वरिष्ठतम अधिकारी बैठक में प्रतिभाग करेगा।
इस अवसर पर मृणाली अविनाश जोशी, डॉ. कुलदीप सिंह, राममोहन मीना, शक्ति दुबे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
