मुरादाबाद/भोजपुर। नगर पंचायत भोजपुर क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और जर्जर विद्युत व्यवस्था से परेशान लोगों का गुस्सा बुधवार को फूट पड़ा। आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने विद्युत उपकेंद्र पहुंचकर जूनियर इंजीनियर (जेई) का घेराव किया तथा विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि भीषण गर्मी के बावजूद क्षेत्र में निर्धारित शेड्यूल के अनुसार बिजली आपूर्ति नहीं की जा रही है। लगातार ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज के कारण लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। वहीं कई स्थानों पर ट्रांसफार्मर फुंकने के बाद भी समय पर उन्हें बदला नहीं जा रहा, जिससे उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

आक्रोशित नागरिकों ने बिजली व्यवस्था में सुधार, ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने तथा जर्जर तारों को बदलने की मांग को लेकर तीन सूत्रीय ज्ञापन उपखंड अधिकारी विद्युत उपखंड पीपलसाना भोजपुर को सौंपा। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने विभागीय अधिकारियों पर शिकायतों की अनदेखी करने का आरोप भी लगाया।
मौके पर मौजूद जेई ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया और जल्द से जल्द जर्जर तार बदलने, ट्रांसफार्मरों की समस्या दूर करने तथा निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ और घेराव समाप्त कर दिया गया।
इस दौरान वरिष्ठ समाजसेवी अब्दुल रहमान, नगर अध्यक्ष शराफत हुसैन, नितिन सैनी, मोहम्मद अकरम, दानिश, मोहम्मद वसीम, नूर आलम, आकिल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे@जफर-INN
