मुरादाबाद। शहर के व्यस्त बाजार क्षेत्र कोतवाली इलाके के मंडी चौक में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब भारत गोटे शॉप में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया और आसपास के व्यापारियों में हड़कंप मच गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। दुकान से अचानक धुआं और आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। घटना के बाद बाजार क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग की गंभीरता को देखते हुए विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर लगाई गईं। दमकल कर्मी लगातार आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं। संकरी बाजार गलियों और आसपास मौजूद दुकानों के कारण राहत कार्य में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही सीओ कोतवाली सुनीता दहिया भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्र को खाली कराकर लोगों को सुरक्षित दूरी पर किया, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो।
आग लगने से दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। एहतियात के तौर पर आसपास की दुकानों को भी खाली कराया गया है, जिससे आग दूसरे प्रतिष्ठानों तक न फैल सके।
दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार आग बुझाने का काम जारी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही नुकसान का सही आंकलन किया जा सकेगा।
