मुरादाबाद। जनपद के कांठ थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह उस समय ग्रामीणों में दहशत फैल गई, जब गन्ने के खेत में तेंदुए के दो शावक दिखाई दिए। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर निगरानी शुरू कर दी।
बताया गया कि गांव फ्लैदा निवासी किसान पवन चौधरी सुबह अपने खेत की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर गन्ने के बीच मौजूद दो छोटे शावकों पर पड़ी। पहले तो ग्रामीण कुछ समझ नहीं पाए, लेकिन करीब जाकर देखने पर पता चला कि दोनों शावक तेंदुए के हैं। खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही डिप्टी वन रेंजर पुष्पेंद्र सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वन विभाग की प्रारंभिक जांच में दोनों शावकों की उम्र करीब 10 दिन आंकी गई है। अधिकारियों ने सुरक्षा कारणों से शावकों को वहां से न हटाने का निर्णय लिया।
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मादा तेंदुआ अपने बच्चों के आसपास ही होने की संभावना रहती है। यदि शावकों को दूसरी जगह ले जाया जाता तो मादा उन्हें खोजते हुए आबादी की ओर आ सकती थी, जिससे खतरा बढ़ सकता था। इसी वजह से शावकों को खेत में सुरक्षित निगरानी के बीच रखा गया है।
वन विभाग की टीम लगातार खेत और आसपास के क्षेत्र पर नजर बनाए हुए है। साथ ही ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि फिलहाल कोई भी व्यक्ति अकेले खेतों की ओर न जाए और बच्चों को भी खेतों के आसपास जाने से रोका जाए।
ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए वन विभाग की ओर से आसपास के गांवों में पंपलेट वितरित किए जा रहे हैं और लोगों को तेंदुए की संभावित गतिविधियों के प्रति सावधान रहने को कहा गया है।
