सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को बड़ा झटका लगा है। प्लेटफॉर्म X ने पार्टी का आधिकारिक अकाउंट भारत में ब्लॉक कर दिया है। अकाउंट खोलने पर अब नोटिस दिखाई दे रहा है कि कानूनी अनुरोध के आधार पर इसे रोका गया है।
CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि पहले अकाउंट को हैक करने की कोशिश की गई, लेकिन असफल रहने पर उसे बंद करवा दिया गया। पिछले कुछ दिनों में यह ऑनलाइन अभियान काफी चर्चा में रहा और बड़ी संख्या में लोग इससे जुड़ते गए। X पर पार्टी के करीब 1.6 लाख फॉलोअर्स थे, जबकि इंस्टाग्राम पर इसकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ी और फॉलोअर्स करोड़ों तक पहुंच गए। बताया जा रहा है कि लाखों लोगों ने इस अभियान से जुड़ने के लिए रजिस्ट्रेशन भी कराया है।
दरअसल, इस कैंपेन की शुरुआत 16 मई को हुई थी। यह पूरा मामला उस वक्त शुरू हुआ जब चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया सूर्यकांत की एक टिप्पणी पर विवाद खड़ा हो गया। आरोप है कि बेरोजगार युवाओं के संदर्भ में ‘कॉकरोच’ शब्द के इस्तेमाल के बाद सोशल मीडिया पर नाराजगी बढ़ी। इसी के विरोध में अभिजीत दीपके ने ऑनलाइन मुहिम छेड़ी, जिसने देखते ही देखते डिजिटल कैंपेन का रूप ले लिया।
अभिजीत दीपके महाराष्ट्र के पुणे के रहने वाले हैं और पत्रकारिता की पढ़ाई कर चुके हैं। बाद में उन्होंने अमेरिका की बोस्टन यूनिवर्सिटी से पब्लिक रिलेशंस में उच्च शिक्षा हासिल की। वर्तमान में वे राजनीतिक दलों और अभियानों के लिए डिजिटल और पॉलिटिकल कम्युनिकेशन स्ट्रैटजी पर काम करते हैं।
