बिलारी के कमालुद्दीन ने चार लोगों पर लगाया गंभीर आरोप, प्रतिवादी बोले- “अदालत में रखेंगे अपना पक्ष”
मुरादाबाद। जनपद के बिलारी क्षेत्र में पैतृक संपत्ति को लेकर फर्जीवाड़े और जालसाजी का बड़ा मामला सामने आया है। थाना बिलारी क्षेत्र निवासी कमालुद्दीन पुत्र स्व. रईसुद्दीन ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट संख्या-1 मुरादाबाद में प्रार्थना पत्र दाखिल कर चार लोगों पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन कब्जाने की साजिश रचने का आरोप लगाया है।
कोर्ट में दिए गए प्रार्थना पत्र के मुताबिक, वादी कमालुद्दीन निवासी मोहल्ला ठाकुरान निकट गल्ला स्टोर, तहसील बिलारी ने नवाबुद्दीन, शाहबुद्दीन, फजले रहमान और जाहिद हुसैन को नामजद किया है। आरोप है कि इन लोगों ने सुनियोजित आपराधिक षड्यंत्र के तहत वादी के पिता स्व. रईसुद्दीन के नाम से फर्जी हस्ताक्षर और कूटरचित डिक्लेरेशन एफिडेविट तैयार कराया।
प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि वादी की माता और बहनों के नाम ग्राम बिलारी खास में स्थित गाटा संख्या 578 व 579 की भूमि दर्ज है। आरोप है कि उक्त भूमि को हड़पने के उद्देश्य से फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए और राजस्व अभिलेखों में नाम दर्ज कराने की कार्रवाई भी कराई गई।
वादी का कहना है कि उसके पिता रईसुद्दीन का निधन 14 नवंबर 2021 को हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद आरोपियों ने मृतक के नाम से कथित दस्तावेज तैयार कराए। आरोप है कि 21 जनवरी 2021 को नोटरी पब्लिक के माध्यम से एक फर्जी और कूट रचित डिक्लेरेशन एफिडेविट तैयार कराया गया, जिसमें गवाह भी खड़े किए गए।
प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख है कि आरोपियों ने फर्जी कागजात के आधार पर संपत्ति को बेचने और खुर्द-बुर्द करने की योजना बनाई। मामले में आईपीसी की धारा 420, 467, 468, 471, 120बी समेत कई गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की गई है।
वहीं, मामले में नामजद प्रतिवादी नवाबुद्दीन से जब बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि वह अदालत में अपना पक्ष रखेंगे।
वादी ने न्यायालय से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराई जाए और उन्हें गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए।
