14 फरवरी 2019 के पुलवामा आतंकी हमले से जुड़े बताए जा रहे अल-बद्र आतंकी हमजा बुरहान की पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) के मुजफ्फराबाद में गोली मारकर हत्या कर दी गई। सूत्रों के अनुसार अज्ञात हमलावरों ने उसे निशाना बनाया, जिसके बाद मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है, हालांकि हमलावरों की पहचान और हत्या की वजह अब तक साफ नहीं हो सकी है।
बताया जा रहा है कि हमजा बुरहान का असली नाम अर्जुमंद गुलजार डार था, जो लंबे समय से पाकिस्तान में रह रहा था और आतंकी संगठन अल-बद्र से जुड़ा हुआ था। भारतीय एजेंसियां उसे आतंकियों की भर्ती कराने और कई आतंकी साजिशों में शामिल मानती थीं। साल 2022 में भारत सरकार ने उसे UAPA के तहत आतंकवादी घोषित किया था।
सूत्रों के मुताबिक हमजा बुरहान का नाम पुलवामा हमले और साल 2020 में सीआरपीएफ पर हुए ग्रेनेड अटैक की साजिश में भी सामने आया था। पुलवामा हमला 14 फरवरी 2019 को जम्मू-कश्मीर में हुआ था, जिसमें सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गए थे। इस हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने ली थी।
जानकारी के अनुसार हमजा बुरहान इस समय मुजफ्फराबाद के अब्बास इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस में प्रिंसिपल के पद पर तैनात था। वहीं हाल के वर्षों में पाकिस्तान में कई आतंकी संगठनों से जुड़े लोगों की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत की घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं।
