मुरादाबाद। थाना भोजपुर क्षेत्र के ग्राम अकबरपुर में शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक द्वारा चलाना सीखते समय ब्रेजा कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कार धू-धू कर जलने लगी और पूरी तरह झुलस गई। गनीमत रही कि चालक समय रहते बाहर निकल आया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार ग्राम मिल्क गजरौला निवासी जावेद पुत्र अकबर खान (उम्र लगभग 25 वर्ष) अपनी शादी में मिली ब्रेजा कार संख्या DL 9CBL 8056 को ग्राम अकबरपुर स्थित करीब 12 बीघा के खाली मैदान में चलाना सीख रहा था। सुबह करीब 9 बजे अचानक कार के इंजन से धुआं उठने लगा। स्थिति भांपते हुए जावेद तुरंत कार से बाहर निकल आया। इसके कुछ ही क्षण बाद कार में भीषण आग लग गई।

घटना की सूचना मिलते ही थाना भोजपुर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।

पुलिस के अनुसार घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण इंजन में तकनीकी खराबी माना जा रहा है। पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बनी हुई है@ZAFAR-INN
