मुरादाबाद। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष Akhilesh Yadav के निर्देश पर शनिवार को समाजवादी पार्टी मुरादाबाद इकाई ने केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ विशाल पैदल मार्च निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कार्यालय सिविल लाइन से शुरू हुआ यह मार्च कलेक्ट्रेट तक पहुंचा, जहां सपाइयों ने महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, गैस संकट, नीट पेपर लीक, किसान-कामगारों की समस्याओं और पीडीए समाज के उत्पीड़न को लेकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव ने किया। इस दौरान कांठ विधायक कमाल अख्तर, पूर्व जिलाध्यक्ष अतहर हुसैन अंसारी, जिला उपाध्यक्ष हाजी तालिब अंसारी, बाबर खान, जहांउल्लाह खान, महानगर उपाध्यक्ष हाजी शाहिद हुसैन गामा, करीम खान, भूरे कुरैशी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रदर्शन के दौरान समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष इकबाल हुसैन अंसारी बैलगाड़ी पर सवार होकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। किसानों और मेहनतकश वर्ग की आवाज को प्रतीकात्मक रूप से बुलंद करने के लिए अपनाई गई उनकी यह शैली लोगों के बीच चर्चा का केंद्र बनी रही। बैलगाड़ी के साथ चल रहे कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारों के जरिए आम जनता की समस्याओं को उठाया।

सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों के कारण आम आदमी महंगाई की मार झेल रहा है। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा, किसान आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं और प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक जैसी घटनाओं से छात्रों का भविष्य अंधकार में धकेला जा रहा है। नेताओं ने कहा कि पीडीए समाज के साथ लगातार अन्याय और उत्पीड़न हो रहा है, जिसे समाजवादी पार्टी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।

कलेक्ट्रेट पहुंचकर पार्टी नेताओं ने राष्ट्रपति एवं राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा। इस दौरान सपाइयों ने चेतावनी दी कि यदि जनता से जुड़े मुद्दों पर सरकार ने ध्यान नहीं दिया तो समाजवादी पार्टी सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगी।
पूरा प्रदर्शन जोशीले नारों, बैनरों और झंडों के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। भारी संख्या में पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा, ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे।
