कोलकाता के प्रतिष्ठित सॉल्ट लेक स्टेडियम के बाहर लगी विवादित फुटबॉल मूर्ति को शनिवार को प्रशासन ने हटा दिया. यह मूर्ति लंबे समय से चर्चा और विवाद का विषय बनी हुई थी. खास बात यह थी कि इस डिजाइन को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की कल्पना से जोड़ा जाता रहा है.
मूर्ति की संरचना को लेकर लोगों की राय शुरू से बंटी हुई थी. इसमें धड़ से अलग दो पैर दिखाए गए थे, जिनके ऊपर फुटबॉल रखी गई थी. कई लोगों ने इसे आधुनिक कला का नमूना बताया, जबकि बड़ी संख्या में लोग इसे अजीब और डरावना डिजाइन मानते थे.
शनिवार सुबह जब लोग स्टेडियम के VVIP गेट के पास पहुंचे, तो वहां मूर्ति नहीं दिखी. इसके बाद इलाके में इसकी चर्चा तेज हो गई. मूर्ति हटाने के फैसले को लेकर खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों के बीच अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.
