मुरादाबाद। भारतीय जनता पार्टी के दो दिवसीय ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026’ कार्यक्रम का मुरादाबाद में शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। प्रशिक्षण अभियान में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक मजबूती, वैचारिक प्रतिबद्धता और आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर मार्गदर्शन दिया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि आज देश के अधिकांश राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की सरकारें कार्य कर रही हैं और जहां पार्टी की सरकार नहीं है, वहां भी भाजपा का मजबूत संगठन पूरी सक्रियता के साथ काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल चुनाव जीतने वाली पार्टी नहीं, बल्कि विचारधारा आधारित राजनीतिक संगठन है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि संगठन को आने वाले 50 वर्षों की राजनीतिक और सामाजिक रणनीति पर काम करना होगा। भाजपा का लक्ष्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की विचारधारा को मजबूत करना है।

भूपेंद्र चौधरी ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा में राजनीतिक विरासत के आधार पर नहीं, बल्कि कार्यकर्ता की मेहनत और संगठन के प्रति समर्पण के आधार पर जिम्मेदारियां दी जाती हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है और प्रशिक्षण अभियान का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को वैचारिक एवं संगठनात्मक रूप से और अधिक सशक्त बनाना है।

कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही। प्रशिक्षण सत्रों में संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण, केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
