मुरादाबाद। नागफनी थाना क्षेत्र का बंगला गांव मंगलवार को अचानक फिल्मी ड्रामे का मंच बन गया, जब शादी से नाराज़ एक युवक प्रेमिका के घर पहुंचा और देखते ही देखते खुद पर पेट्रोल छिड़क लिया। युवक की हरकत से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग घरों से बाहर निकल आए और मौके पर चीख-पुकार गूंजने लगी।

बताया जा रहा है कि युवक विशाल का गांव की ही एक युवती से लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन अचानक रिश्ता टूटने की बात सामने आने के बाद मामला बिगड़ गया। युवक का आरोप है कि युवती और उसके परिवार ने पहले शादी का भरोसा दिया, तैयारियां भी करवाईं, लाखों रुपये खर्च करा दिए, लेकिन ऐन वक्त पर शादी से इंकार कर दिया।
मंगलवार को इसी गुस्से और तनाव में विशाल सीधे प्रेमिका के घर पहुंच गया। वहां उसने हंगामा शुरू कर दिया और अपने ऊपर पेट्रोल उड़ेल लिया। युवक को इस हालत में देखकर आसपास मौजूद लोगों के होश उड़ गए। किसी ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही नागफनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद युवक को काबू में लिया। पुलिस की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। बाद में युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
युवक की मां का कहना है कि शादी टूटने की वजह से विशाल कई दिनों से मानसिक तनाव में था। वह पहले भी आत्महत्या की कोशिश कर चुका है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। गांव में दिनभर इस हाईवोल्टेज प्रेम कहानी की चर्चा होती रही।
