मुरादाबाद। जनपद में आम नागरिकों को सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराने, सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाने तथा पार्किंग व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया द्वारा “Right to Travel in Moradabad” अभियान प्रारंभ किया गया है।
इस अभियान के प्रभावी संचालन एवं सतत क्रियान्वयन हेतु जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एक संयुक्त टीम का गठन किया गया है। यह टीम जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर यातायात व्यवस्था, अतिक्रमण हटाने, पार्किंग प्रबंधन तथा नागरिक सुविधाओं के संबंध में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि माननीय उच्च न्यायालय द्वारा निर्गत आदेशों एवं दिशा-निर्देशों के अनुपालन में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य नागरिकों को निर्बाध आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना, शहर को व्यवस्थित बनाना तथा यातायात संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित करना है।

गठित टीम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुरादाबाद विकास प्राधिकरण, नगर निगम, रेलवे, विद्युत विभाग, परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों को शामिल किया गया है। इसके अतिरिक्त नगर क्षेत्र के एनजीओ, वर्ल्ड वाइल्ड लाइफ फंड तथा सिविल डिफेंस के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित सदस्य के रूप में जोड़ा गया है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान के अंतर्गत नियमित निरीक्षण, प्रभावी मॉनिटरिंग एवं जनसहभागिता के माध्यम से यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए। साथ ही नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें तथा शहर को व्यवस्थित एवं स्वच्छ बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
