भोपाल की ट्विशा शर्मा की मौत का मामला लगातार सुर्खियों में है. इस हाई-प्रोफाइल केस की जांच CBI कर रही है. उसने हाईकोर्ट को बताया है कि उसे आरोपी सास गिरिबाला सिंह से हिरासत में पूछताछ की जरूरत है. जांच एजेंसी ने उनकी जमानत रद्द करने की मांग भी उठाई है.
इधर, राज्य सरकार ने भी हाईकोर्ट में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और चोटों को लेकर अहम जानकारी दी. सरकारी वकील ने अदालत को बताया कि ट्विशा शर्मा के शरीर पर कलाई, कोहनी, सिर समेत कई जगह चोटों के निशान थे. इस दौरान कोर्ट ने सवाल किया कि क्या ये चोटें मौत से पहले की थीं? इस पर राज्य सरकार ने साफ कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार कुछ चोटें एंटी-मॉर्टम यानी मौत से पहले की थीं. सरकार ने यह भी कहा कि ये चोटें न तो मौत के बाद लग सकती थीं और न ही शव को नीचे उतारते समय लगी होंगी. ये चोटें किसी हाथापाई या संघर्ष के दौरान लगी हो सकती हैं.
