मुरादाबाद। बढ़ती गर्मी एवं हीट वेव को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया के निर्देशानुसार जनपद की समस्त तहसीलों, विकास खंड कार्यालयों, शासकीय कार्यालयों, सार्वजनिक स्थलों एवं प्रमुख स्थानों पर करीब 750 से अधिक चिन्हित स्थलों पर हीट वेव से बचाव एवं आपदा प्रबंधन संबंधी जागरूकता पोस्टर/फ्लैक्स लगवाए गए हैं।
इन पोस्टरों के माध्यम से आमजन को अत्यधिक गर्मी के दौरान सावधानी बरतने, पर्याप्त पानी पीने, धूप में अनावश्यक बाहर न निकलने, बच्चों एवं बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने तथा लू से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया जा रहा है।
हीट वेव के दौरान स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों का पालन करें तथा अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।

इसके साथ ही जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक अपने मोबाइल फोन में “सचेत ऐप” अवश्य डाउनलोड करें। यह ऐप आपदा एवं मौसम संबंधी महत्वपूर्ण अलर्ट समय-समय पर उपलब्ध कराता है, जिससे किसी भी संभावित आपदा की स्थिति में समय रहते सतर्कता बरती जा सकती है।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आमजन की सुरक्षा एवं जागरूकता के लिए लगातार कार्य कर रहा है तथा सभी नागरिकों का सहयोग अपेक्षित है।
क्यों जरूरी है सचेत ऐप
सचेत ऐप भारत सरकार की राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की एक महत्वपूर्ण आपदा चेतावनी सेवा है। यह ऐप प्राकृतिक एवं अन्य आपदाओं से पहले अलर्ट देकर सुरक्षित रहने में मदद करता है।
सचेत ऐप से मिलने वाली प्रमुख सुविधाएं:
बाढ़, चक्रवात, आंधी, बिजली गिरना, भूकंप, हीट वेव, कोल्ड वेव, भूस्खलन, सुनामी आदि का रियल टाइम आपदा अलर्ट/चेतावनी मिलती है।
लोकेशन आधारित चेतावनी ऐप आपकी वर्तमान लोकेशन के अनुसार अलर्ट भेजता है, जिससे समय रहते सावधानी बरती जा सके।
उपयोगकर्ता अपने वर्तमान स्थान के अलावा किसी अन्य राज्य या जिले के अलर्ट भी प्राप्त कर सकते हैं।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) से मौसम अपडेट और पूर्वानुमान उपलब्ध होते हैं।
सरकारी स्रोतों से प्रमाणित जानकारी
सभी चेतावनियां अधिकृत सरकारी एजेंसियों द्वारा जारी की जाती हैं।
आपदा के दौरान सहायता के लिए कंट्रोल रूम संचालित।
जिले में बाढ़, चक्रवात, आंधी, बिजली गिरना, भूकंप, हीट वेव आदि किसी भी प्रकार की आपदा के दौरान टोल फ्री नंबर 1077 पर सहायता प्राप्त की जा सकती है।
इसके साथ ही जिले स्तर पर आपदा कंट्रोल रूम भी संचालित है। जिसका मोबाइल नंबर 9454416867 और 9454416893 है।
