अमेरिका और ईरान के बीच लंबे समय से जारी तनाव अब कम होता दिखाई दे रहा है। ईरान ने दावा किया है कि उसे अमेरिका की ओर से एक शुरुआती शांति समझौते (MoU) का ड्राफ्ट मिला है, जिसके तहत होर्मुज स्ट्रेट में कमर्शियल शिपिंग दोबारा सामान्य स्तर पर शुरू की जा सकती है।
ईरानी सरकारी मीडिया के मुताबिक, अगर दोनों देशों के बीच 60 दिनों के भीतर अंतिम समझौता हो जाता है, तो इसे संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के बाइंडिंग प्रस्ताव के रूप में पेश किया जाएगा। इस प्रस्ताव का मकसद क्षेत्र में सैन्य तनाव कम करना और वैश्विक समुद्री व्यापार को सामान्य करना है।
ड्राफ्ट समझौते के अनुसार, अमेरिका ईरान के आसपास तैनात अपनी सैन्य ताकत को पीछे हटाएगा और समुद्री नाकेबंदी समाप्त करेगा। इसके बदले में ईरान ने भरोसा दिया है कि वह एक महीने के भीतर होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले व्यापारिक जहाजों की आवाजाही को युद्ध से पहले की स्थिति में बहाल कर देगा।
हालांकि, इस समझौते में सैन्य जहाजों को शामिल नहीं किया गया है। ईरान के सरकारी चैनल IRIB के अनुसार, स्ट्रेट में जहाजों की आवाजाही और ट्रैफिक मैनेजमेंट की जिम्मेदारी ईरान और ओमान मिलकर संभालेंगे। फिलहाल तेहरान ने साफ किया है कि मसौदा अभी अंतिम रूप में नहीं है और सभी पहलुओं की पुष्टि के बाद ही आगे कोई फैसला लिया जाएगा।
