मुरादाबाद में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व गुरुवार को पूरी श्रद्धा, उल्लास और शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया। शहर की मुख्य ईदगाह सहित विभिन्न मस्जिदों में सुबह साढ़े सात बजे नमाज अदा की गई। नमाज के दौरान हजारों की संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग जुटे और देश में अमन, शांति, तरक्की तथा भाईचारे की दुआ मांगी।

मुख्य ईदगाह पर नमाज शहर इमाम सैयद मासूम अली की उपस्थिति में नायब शहर इमाम सैयद फ़ाहद अली द्वारा अदा कराई गई। इस दौरान प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए मौके पर मौजूद रहे। जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया, एसएसपी सतपाल अंतिल, एसपी सिटी समेत तमाम प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ ईदगाह पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

प्रशासन ने बकरीद को लेकर पहले से ही व्यापक तैयारियां की थीं। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए ईदगाह क्षेत्र को 11 सेक्टरों में विभाजित किया गया था। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा, जबकि करीब 100 सीसीटीवी कैमरों के जरिए पूरे इलाके की निगरानी की गई। ड्रोन और खुफिया टीमों को भी सक्रिय रखा गया ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल नजर रखी जा सके।

जिला प्रशासन ने पहले ही स्पष्ट निर्देश जारी किए थे कि नमाज केवल निर्धारित मस्जिदों और ईदगाहों में ही अदा की जाएगी तथा किसी भी स्थिति में सड़क पर नमाज की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन की अपील का लोगों ने पालन किया और पूरे शहर में व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रित रही।

नगर निगम की ओर से भी विशेष इंतजाम किए गए थे। ईदगाह और आसपास के इलाकों में साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था की गई, साथ ही नमाज के दौरान पानी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की गई। नगर निगम की टीमें सुबह से ही सक्रिय नजर आईं।

प्रशासन ने खुले में कुर्बानी न करने और स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश भी जारी किए थे। लोगों से अपील की गई थी कि कुर्बानी के बाद मांस को ढककर ले जाया जाए ताकि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैले और सामाजिक सौहार्द बना रहे। अधिकांश स्थानों पर लोगों ने प्रशासन की गाइडलाइन का पालन किया।

इस मौके पर सिविल डिफेंस के वॉलिंटियर्स भी व्यवस्था संभालने में जुटे रहे। वहीं समाजसेवी सरदार गुरविंदर सिंह, पूर्व सांसद डॉ. एसटी हसन, सांसद रुचि वीरा समेत विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी ईदगाह पहुंचे और लोगों को गले मिलकर भाईचारे एवं सौहार्द का संदेश दिया।

पूरे शहर में बकरीद का त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने पर प्रशासन ने राहत की सांस ली। अधिकारियों ने आमजन के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि मुरादाबाद ने एक बार फिर गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी सौहार्द की मिसाल पेश की है।

