कर्नाटक की राजनीति में बड़ा बदलाव सामने आया है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने गुरुवार को अपने इस्तीफे का ऐलान कर दिया। बेंगलुरु स्थित मुख्यमंत्री आवास पर हुई मंत्रियों के साथ ब्रेकफास्ट मीटिंग में उन्होंने अपने फैसले की जानकारी दी। बताया जा रहा है कि सिद्धारमैया दोपहर 3 बजे लोकभवन पहुंचकर राज्यपाल कार्यालय को अपना इस्तीफा सौंपेंगे। हालांकि इस समय राज्यपाल थावरचंद गहलोत बेंगलुरु में मौजूद नहीं हैं और वह मध्य प्रदेश के इंदौर में हैं। सूत्रों के मुताबिक, एक रिश्तेदार की तबीयत खराब होने के कारण वे वहां गए हुए हैं।
सुबह 10:30 बजे बुलाई गई कैबिनेट बैठक पहले से ही काफी अहम मानी जा रही थी और इसी दौरान सिद्धारमैया ने अपने पद छोड़ने की घोषणा की। उनके इस्तीफे के बाद अब डीके शिवकुमार के मुख्यमंत्री बनने का रास्ता लगभग साफ माना जा रहा है। दोनों नेताओं के बीच सत्ता परिवर्तन को लेकर लंबे समय से चर्चा और राजनीतिक खींचतान चल रही थी।
