भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार (28 मई) को संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए चार राज्यों के नए प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा की है। दिल्ली में वीरेंद्र सचदेवा की जगह केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा को नई जिम्मेदारी दी गई है। वहीं हरियाणा में डॉ. अर्चना गुप्ता, पंजाब में केवल सिंह ढिल्लों और त्रिपुरा में अभिषेक देबरॉय को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। पार्टी ने कहा कि सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव की ओर से जारी बयान में बताया गया कि पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन ने केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा को दिल्ली बीजेपी का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। हर्ष मल्होत्रा लंबे समय से संगठन में सक्रिय रहे हैं और दिल्ली बीजेपी में कई अहम जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। वर्तमान में वह केंद्र सरकार में मंत्री पद संभाल रहे हैं। संगठन क्षमता और जनसंपर्क में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है।
हरियाणा बीजेपी की कमान अब डॉ. अर्चना गुप्ता को सौंपी गई है। वह लंबे समय से पार्टी संगठन में सक्रिय हैं और महिला नेतृत्व को मजबूत करने में उनकी अहम भूमिका रही है। पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में हरियाणा में संगठन को और मजबूती मिलेगी।
पंजाब में बीजेपी ने केवल सिंह ढिल्लों पर भरोसा जताया है। ढिल्लों बरनाला से दो बार विधायक रह चुके हैं और राज्य की राजनीति में एक मजबूत पहचान रखते हैं। वह उद्योग जगत से भी जुड़े रहे हैं और विकास के मुद्दों को लेकर सक्रिय राजनीति करते रहे हैं। कैप्टन अमरिंदर सिंह के करीबी माने जाने वाले ढिल्लों ने हाल के वर्षों में बीजेपी के टिकट पर कई चुनाव भी लड़े हैं।
वहीं त्रिपुरा में अभिषेक देबरॉय को पार्टी का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। देबरॉय लंबे समय से संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं और पार्टी के कई अभियानों का हिस्सा रहे हैं। बीजेपी नेतृत्व को उनसे राज्य में संगठन विस्तार और जनाधार मजबूत करने की उम्मीद है।
