कर्नाटक की राजनीति में गुरुवार को बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री पद पर रहे सिद्धारमैया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इस्तीफा सौंपने के बाद उन्होंने बताया कि उन्होंने अपना त्यागपत्र लोक भवन में राज्यपाल सचिवालय को दे दिया है। सिद्धारमैया ने कहा कि राज्यपाल फिलहाल शहर में मौजूद नहीं हैं और उनके रात तक लौटने की जानकारी मिली है। ऐसे में इस्तीफे का पत्र राज्यपाल के सचिव को सौंपा गया है।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद सिद्धारमैया ने कहा कि उन्होंने पार्टी नेतृत्व के फैसले का सम्मान करते हुए अपना दायित्व निभाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका समर्थन आगे भी पार्टी और नई सरकार के साथ बना रहेगा। सिद्धारमैया ने कहा कि कर्नाटक का हित उनके लिए सर्वोपरि है और वह भविष्य में भी राज्य की बेहतरी के लिए काम करते रहेंगे। उन्होंने यह भी दावा किया कि कांग्रेस के सभी विधायक पूरी तरह एकजुट हैं।
