मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा-2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सोमवार को मुरादाबाद परिक्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी) मुनिराज तथा पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों एवं केंद्रीय कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की प्रवेश व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा प्रबंध, यातायात व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों एवं ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों से परीक्षा संचालन से संबंधित जानकारी प्राप्त की और व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

डीआईजी मुनिराज ने निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए। वहीं एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता एवं अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने केंद्रीय कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया, जहां से परीक्षा केंद्रों की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कंट्रोल रूम में तैनात कर्मियों को सभी सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान सुनिश्चित करने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाएं संतोषजनक एवं सुव्यवस्थित पाई गईं। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परीक्षा को सकुशल एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं और पूरे जनपद में सतर्क निगरानी रखी जा रही है।
